न्यू टाउन स्थित एनकेडीए क्रिकेट स्टेडियम के समीप धर्म, अध्यात्म एवं राष्ट्र विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर के कृपापात्र शिष्य एवं विश्व ब्राह्मण भूषण से सम्मानित अधिवक्ता प्रेमचंद्र झा मुख्य वक्ता रहे।
संगोष्ठी में वैष्णव महाराज (सीता कुंड गोरिया मठ, मथुरा), संत, पंडित, पुजारी तथा बड़ी संख्या में धर्मपरायण लोगों ने भाग लिया। अपने संबोधन में अधिवक्ता प्रेमचंद्र झा ने गोवर्धन मठ, पुरी द्वारा सनातन मान-बिंदुओं की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने सेवा, सत्संग, स्वाध्याय और संगोष्ठियों के माध्यम से समाज को जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देशभर में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए सभी को अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक प्रयास करने चाहिए। साथ ही उन्होंने घर वापसी और उससे जुड़े सामाजिक विषयों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने गोवर्धन मठ द्वारा संचालित अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया। संगोष्ठी के सफल आयोजन में परितोष कर्मकार, पार्थ कर्मकार, पंडित सम्राट गांगुली, पंडित शांतनु भट्टाचार्य, श्रीमती नियोगी सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।




