पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर आगामी चारधाम यात्रा के दौरान एलपीजी आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग में भारी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में यात्रा के सुचारू संचालन के लिए एलपीजी आपूर्ति का 100 प्रतिशत स्तर बनाए रखना आवश्यक है।
धामी ने केंद्र सरकार से मानसून और आपदा की दृष्टि से अतिरिक्त 5 प्रतिशत एलपीजी आवंटन की भी मांग की। उनका कहना है कि पहाड़ी और आपदा-प्रवण क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए गैस आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान राज्य को लगभग 9.6 लाख से अधिक व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धामी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में धार्मिक पर्यटन का बड़ा योगदान है और चारधाम यात्रा राज्य की आस्था के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।




