उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

UPSSSC PET परीक्षा: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद मंडल में चलीं पांच परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में विशेष इंतजाम किए गए। परीक्षा के मद्देनजर 30 अक्टूबर और एक नवंबर को विभिन्न रूटों पर पांच जोड़ी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त रेल कर्मचारियों, हेल्प डेस्क और मेडिकल सहायता बूथ की व्यवस्था की गई है।

शुक्रवार सुबह मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दोपहर में परीक्षार्थियों की भीड़ के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहे।

स्टेशन के प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई। कर्मचारियों ने परीक्षार्थियों को ट्रेनों और प्लेटफॉर्म की जानकारी देकर उनकी मदद की। मुरादाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से गाड़ी संख्या 04322 मुरादाबाद-लखनऊ परीक्षा विशेष को रवाना किया गया। इस ट्रेन में महिला परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त कोच भी लगाया गया था।

अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित यात्रा के निर्देश दिए। विशेष रूप से ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर नहीं करने और अपनी सीट पर बैठकर यात्रा करने की अपील की गई। इसके अलावा स्टेशन परिसर में खानपान स्टॉल और फूड वैन का निरीक्षण कर निर्धारित दरों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद-लखनऊ-मुरादाबाद, शाहजहांपुर-बिजनौर-शाहजहांपुर, लखनऊ-बरेली-लखनऊ और बरेली-मथुरा कैंट-बरेली रूटों पर विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें गाड़ी संख्या 04322/04321, 04324/04323, 04325/04326, 05011/05012 और 05310/05309 शामिल हैं।

इसके साथ ही गाड़ी संख्या 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस और 13258 जनसाधारण एक्सप्रेस को बरेली जंक्शन पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छता, खानपान और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षार्थियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button