कॉलेज में उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत : विकसित भारत@2047’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 64 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर विकसित भारत और उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही हमारे देश और राज्य के भविष्य के कर्णधार हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैचारिक प्रखरता बढ़ाने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प की भावना भी जागृत करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्रतियोगिता तीन विषयों पर आयोजित की गई। ‘विकसित भारत 2047 का स्वरूप’ विषय में प्रिंसी राजपूत ने प्रथम, शालिनी ने द्वितीय तथा खुशी शर्मा और नितिन कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। ‘उत्तराखंड के विकास की परिकल्पना’ विषय में मीना प्रथम, लक्ष्मी सक्सेना द्वितीय तथा इशिका भारद्वाज और दीपिका संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी क्रम में ‘केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य’ विषय में वंशिका ने प्रथम, हेमंत अग्रवाल ने द्वितीय और आयुषी कोलियान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में देश और राज्य के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उनमें सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।
प्रतियोगिता के आयोजन एवं निर्णायक मंडल में डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पल्लवी राणा, श्रीमती ऋचा मनोचा और डॉ. मीनाक्षी शर्मा शामिल रहीं। प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा और डॉ. नेहा मित्तल ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभका मनाएं दी गईं।




