भाजपा ने उत्तराखंड संगठन में बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता राम माधव को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से बुधवार को जारी नई सूची में उनके साथ अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
राम माधव ने इससे पहले भाजपा में राष्ट्रीय महासचिव समेत कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाली हैं। पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है। अब उन्हें उत्तराखंड संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, लंबे समय से उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे दुष्यंत गौतम को इस दायित्व से हटा दिया गया है। वह करीब छह वर्ष तक प्रदेश प्रभारी रहे। पार्टी ने उत्तराखंड के लिए नई टीम में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी बनाया है।
भाजपा ने बुधवार को देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। सूची में राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं उत्तराखंड में नई जिम्मेदारियों के तहत संगठनात्मक स्तर पर प्रभारी और सह-प्रभारियों की टीम तय की गई है।




