राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विद्या भारती की ओर से 25 सितंबर को देशभर में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘नमामि भारतम्’ नाम से होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य सामूहिक गायन के माध्यम से नया विश्व कीर्तिमान बनाने का है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे एक साथ आयोजित किया जाएगा।
मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कैंप कार्यालय में प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में विद्या भारती से संचालित सभी 548 विद्यालय परिसरों के अलावा पोषित ग्रामों और वार्डों में भी कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के सभी 13 जिला केंद्रों पर पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों की संख्या वाले कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। पूरे प्रदेश में करीब दो लाख विद्यार्थी, अध्यापक और अभिभावकों को सामूहिक गायन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के प्रांतीय संयोजक नत्थीलाल बंगवाल के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। जिला केंद्रों पर स्थित सरस्वती विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्य जिला संयोजक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विद्या भारती के प्रांतीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने बताया कि देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों को सामूहिक वंदे मातरम् गायन से जोड़ने का लक्ष्य है। कार्यक्रम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए प्रतिभागियों की संख्या और वीडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती से जुड़े करीब 25 हजार औपचारिक एवं अनौपचारिक विद्यालय और संस्कार केंद्र अभियान में शामिल होंगे। इनमें डेढ़ लाख से अधिक आचार्य और 36 लाख विद्यार्थी सीधे तौर पर जुड़ेंगे। पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिकों को भी कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम के लिए सुबह 10 बजे प्रतिभागियों का आगमन और पंजीयन होगा। दीप प्रज्ज्वलन के बाद सुबह 11 बजे देशभर में एक साथ, एक स्वर और एक लय में तीन मिनट 13 सेकंड तक ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा।




