उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और स्टार धावक अंकिता ध्यानी को उनके शानदार खेल प्रदर्शन के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
शासन की ओर से जारी पुरस्कार सूची के अनुसार अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन के लिए खेल रत्न दिया जा रहा है। अंकिता ध्यानी पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली हैं और लंबी एवं मध्यम दूरी की स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
इसके अलावा वर्ष 2025-26 के लिए ममता खाती, सक्षम प्रताप सिंह, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और बॉक्सर खुशी चंद्र को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
खेल प्रशिक्षकों को भी पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। रोइंग कोच मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार तथा अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को वर्ष 2024-25 के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं बॉक्सिंग में योगदान के लिए हल्द्वानी निवासी मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की खेल उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ ही प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



