रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तराखंड की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शासनादेश के मुताबिक दोनों दिनों में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।
सरकार के अनुसार महिलाओं को दी जाने वाली निशुल्क यात्रा सुविधा से परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी।
मुख्यमंत्री का यह निर्णय रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए सुविधा और आर्थिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है।




