तीरंदाजी में 36 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का किया गया सम्मान हरिद्वार, 26 जनवरी। स्थानीय एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा प्रोफेसर वी.एन. खाली का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें उच्च शिक्षा में गुणात्मक सुधार तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर बल दिया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी 2025 खेल कुंभ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीरंदाजी खिलाड़ियों का सम्मान रहा। हरिद्वार जिले का नाम रोशन करते हुए खिलाड़ियों ने तीरंदाजी प्रतियोगिता में कुल 36 पदक अर्जित किए। प्राचार्य प्रो. बत्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय में तीरंदाजी को बढ़ावा देने हेतु कोच रमेश प्रसाद एवं कुलदीप चौहान द्वारा नियमित एवं कठोर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य खिलाड़ियों को एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ तथा ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
सम्मानित खिलाड़ियों में नंदिनी राणा, जीविका चौहान, अगस्तय शर्मा, जन्मजय चौहान, युवराज चौहान, वर्णिका, पावनी, दिया, अनिरुद्ध बिष्ट, आराध्या, अभिनव, सक्षम, श्रेयांश, मनन चौहान, इशिता, यश चौधरी, मानवी, ज्वाला, यश, धैर्य एवं आत्मिका सहित अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी शामिल रहे।
मीडिया प्रभारी श्रीमती कंचन तनेजा ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास से ये खिलाड़ी निश्चित रूप से उत्तराखंड एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।




