हरिद्वार, 3 जनवरी। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर जब देशभर में श्रद्धालु गंगा स्नान में लीन रहे, उसी दौरान मशहूर टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी भी हरिद्वार पहुंचे और हरकी पैड़ी में आस्था की डुबकी लगाई।
अर्जुन बिजलानी ऋषिकेश क्रिएटिव प्रोडक्शन के ऑनर चिन्मय पंडित के साथ हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे निजी कार्य से देहरादून आए थे और समय मिलने पर चिन्मय से बातचीत के दौरान गंगा स्नान का निर्णय लिया।
अर्जुन ने कहा, “गंगा स्नान आत्मिक शांति देता है। एक बार बनारस में भी गंगा दशहरा के दिन स्नान करने का सौभाग्य मिला था और आज पौष पूर्णिमा का दिन भी उतना ही पवित्र है। हरकी पैड़ी की पवित्रता और यहां का माहौल अद्भुत है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करता हूं कि जीवन में एक बार अवश्य यहां आकर गंगा स्नान करें।”
इस अवसर पर श्री गंगा सभा के सचिव उज्ज्वल पंडित ने अर्जुन बिजलानी को रुद्राक्ष माला पहनाकर स्वागत किया।
गौरतलब है कि आज से माघ स्नान की भी शुरुआत हो गई है, जिसके चलते हरिद्वार में देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।




