आज एंकर स्किल स्कूल परिसर में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर प्राप्त हुए। यह कार्यक्रम Panasonic के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत MTP Charitable Society द्वारा आयोजित किया गया। रोजगार मेले में आसपास के विभिन्न इलाकों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सर्विस सेक्टर सहित विभिन्न उद्योगों की 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भागीदारी की। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग काउंटर लगाकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। कुल लगभग 200 अभ्यर्थियों ने मेले में हिस्सा लिया, जिनमें से 100 से अधिक युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों में किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी झलकती रही।
इस अवसर पर MTP Charitable Society के अध्यक्ष विनय गर्ग ने कहा कि Panasonic के CSR कार्यक्रम के तहत संचालित एंकर स्किल स्कूल आर्थिक रूप से वंचित युवाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जहाँ उन्हें निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। Panasonic के CSR मैनेजर त्रिपुरारी राय ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है और रोजगार मेले प्रशिक्षण तथा उद्योग के बीच की दूरी को कम करने का प्रभावी माध्यम हैं।
एंकर स्किल स्कूल के प्रिंसिपल राकेश अरोड़ा ने बताया कि केंद्र में मोल्डिंग, इलेक्ट्रिकल असेंबली, इलेक्ट्रिकल होम एप्लायंसेज़ और मोबाइल रिपेयरिंग जैसे कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रैक्टिकल प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद भी संस्थान प्रशिक्षुओं को प्लेसमेंट सहायता प्रदान करता है।
कार्यक्रम में Panasonic की CSR टीम से प्रियंका सहित अन्य सदस्य, स्कूल के प्रशिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे। स्थानीय लोगों और अभ्यर्थियों के परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन का आश्वासन दिया।




