सीसीटीएस/देहरादून की क्रिकेटर स्नेहा राणा ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर हाल ही में हुए विश्व कप में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए मुरादाबाद मंडल का नाम देशभर में रोशन किया है। उनकी उपलब्धि को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्नेहा राणा को ग्रुप-बी में पदोन्नत कर ओएसडी/खेल पद पर नियुक्त किया है।
इस उपलक्ष्य में सोमवार को मुरादाबाद स्थित मंडल कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां मंडल रेल प्रबंधक श्री संग्रह मौर्य ने स्नेहा राणा को शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
डीआरएम मौर्य ने कहा कि स्नेहा राणा की उपलब्धि पूरे मंडल के लिए गौरव का विषय है और उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्नेहा राणा ने रेलवे प्रशासन और अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा है।




