जमालपुर कला में सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने वेद मंदिर से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ीकरण कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका से भी अवगत कराया।
विपिन चौधरी ने कहा कि जमालपुर कला से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्ग का चौड़ीकरण आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग की ओर से इस सड़क पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, लेकिन केवल मरम्मत से यातायात संबंधी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। वाहनों की बढ़ती संख्या और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाना चाहिए।
ग्रामीण और कॉलोनीवासी भी उठा चुके हैं मांग
इस मार्ग पर मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों ने भी सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना चौड़ीकरण के सड़क निर्माण होने पर यातायात के बढ़ते दबाव से जुड़ी समस्याएं बनी रहेंगी। उन्होंने मरम्मत के साथ सड़क चौड़ीकरण कराने की मांग की थी।
विपिन चौधरी ने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मामले पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। इससे जमालपुर कला और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।




