मुजफ्फरनगर, 17 मार्च। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के सानिध्य में 22 मार्च 2026 को कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड (पराग डेयरी के समीप) में उत्तर प्रदेश का राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम आयोजित किया जाएगा।
मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने बताया कि प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलने वाले इस समागम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली, रामराज, पुरकाजी, शेरपुर खादर, बुढ़ाना व बलवाखेड़ी सहित कई शाखाओं के श्रद्धालु भी भाग लेंगे। समागम में सत्संग के माध्यम से प्रेम, सह-अस्तित्व, करुणा और विश्वबंधुत्व का संदेश दिया जाएगा।
जनपद संयोजक हरीश कुमार के अनुसार, आयोजन स्थल पर लंगर, प्याऊ, चिकित्सा, पार्किंग समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक सेवा-भाव से जुटे हैं, वहीं स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।
समागम से पूर्व 20 व 21 मार्च को ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ आयोजित किया जाएगा, जिसका विषय ‘द सिक्स एलीमेंट्स’ रखा गया है। इसमें लघु नाटक, भक्ति-गीत, पैनल चर्चा व संवाद के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से समागम में सहभागिता कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।




