ऋषिकेश। स्थानीय भूमि विवाद (वनभूमि प्रकरण) को लेकर आज बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हुए और अपने घर व जमीन को बचाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। यह विरोध मुख्य रूप से आईडीपीएल हॉकी मैदान में आयोजित किया गया था, जहाँ गीता नगर, 20 बीघा, मीरा नगर, बापू ग्राम सहित आसपास के इलाकों के लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य एवं केंद्रीय नेताओं को ज्ञापन देने के साथ ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी एक पत्र भेजा, जिसमें सरकार से बापू ग्राम तथा अन्य प्रभावित इलाकों की भूमि को सुरक्षित रखने की अपील की गई है। पत्र में लिखा गया है कि यह मामला सिर्फ जमीन का नहीं है, बल्कि उन लोगों के आशियानों से जुड़ा हुआ है जो दशकों से यहां रह रहे हैं।
नगर निगम ऋषिकेश पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि यह मांग लगभग एक लाख लोगों का साझा भावनात्मक और सामाजिक मुद्दा है, और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने शांति पूर्ण ढंग से नारेबाजी की और अधिकारियों के समक्ष अपनी व्यथा प रखी।
बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य इस आंदोलन को तब तक जारी रखने का संकेत देते रहे जब तक उनकी मांगों पर राज्य या केंद्र के स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती। प्रदर्शन में शामिल स्थानीय लोग कहते हैं कि यह भूमि नियमितीकरण और उनके सामाजिक-आर्थिक अधिकारों से जुड़ा मामला है।
इस विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन की प्रतिक्रिया अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।




