स्थानीय एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के महानतम विचारकों में से एक थे, जिनके विचार आज भी युवाओं के लिए पथ-प्रदर्शक हैं। उन्होंने स्वामी जी के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” का उल्लेख करते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा में लगाने का आह्वान किया।
डॉ. बत्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व को भारतीय संस्कृति की महानता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से परिचित कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर चरित्र निर्माण एवं साहसिक व्यक्तित्व विकसित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




