प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मिला और व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
भेंट के दौरान डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में भिखारियों की बढ़ती संख्या से श्रद्धालुओं व व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सत्यापन अभियान चलाकर भिखारियों को क्षेत्र से बाहर करने की मांग की। साथ ही हरकी पैड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सूखी नदी क्षेत्र में पार्किंग सुविधा विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज में बायो टॉयलेट निर्माण की मांग भी रखी गई।
तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने धार्मिक कार्यक्रमों व शोभायात्राओं में देवी-देवताओं की वेशभूषा धारण कर नृत्य करने पर रोक लगाने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप व शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि व्यापारी न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक सेवाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए।
डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग, तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर महामंत्री विमल सक्सेना, जिला महामंत्री अश्वनी शर्मा और जिला उपाध्यक्ष विशाल मूर्ति भट्ट शामिल रहे।




