मसूरी से सटे खट्टा पानी–तुनेटा मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने नगर पालिका की उदासीनता के खिलाफ स्वयं मोर्चा संभालते हुए श्रमदान कर सड़क के गड्ढे भर दिए। लंबे समय से जर्जर पड़े इस मार्ग पर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से दुपहिया वाहन चालकों को गंभीर चोटें लग रही थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आता है और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार पालिका से मांग की गई, लेकिन आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में ग्रामीण पुरुषों व महिलाओं ने मिलकर श्रमदान के जरिए सड़क की मरम्मत की, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुनील रौछेला ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क मरम्मत की प्रतीक्षा कर रहे थे, लेकिन पालिका की ओर से कोई पहल नहीं की गई। जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर मार्ग को चलने योग्य बनाया।
श्रमदान में राजेंद्र, अनिल, तारा, सुमन, कविता, मीरा, गंगा देवी, निशा, अनीता, आशा, सरिता, गुड्डी देवी, अंजीता, जनारो देवी, सोबनी, जलम देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




