नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शुक्रवार को ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली के सांस्कृतिक कार्यमंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि देश आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और जनता के भीतर डर का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि जितने आतंकवादी पैदा होंगे, उतनी ही शक्ति के साथ देश के हर घर में छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे राष्ट्रनायक जन्म लेंगे।
यह महोत्सव ‘सेव कल्चर सेव भारत फाउंडेशन’ द्वारा प्रस्तुत तथा सनातन संस्था के तत्वावधान में आयोजित किया गया। उद्घाटन अवसर पर पूज्य संतों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बाळाजी आठवले की आध्यात्मिक उत्तराधिकारी श्रीसत्शक्ति (श्रीमती) बिंदा सिंगबाळ एवं श्रीचित्शक्ति (श्रीमती) अंजली गाडगीळ, पूर्व सूचना आयुक्त श्री उदय माहूरकर, सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक श्री सुरेश चव्हाणके तथा हिंदू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगळे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आज धर्म और संस्कृति से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा हो रही है और ऐसे आयोजनों को केंद्र व राज्य सरकारों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन किया गया। साथ ही सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य अंश का दर्शन और पूजन कराया गया। इस अवसर पर सनातन संस्था की हिंदी पुस्तक ‘संकल्प रामराज्य का’ तथा रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव श्री वेदवीर आर्य द्वारा लिखित अंग्रेज़ी ग्रंथ ‘क्रॉनोलॉजी एंड ओरिजिन्स ऑफ इंडो यूरोपियन सिविलाइजेशन’ का लोकार्पण भी किया गया।
पूर्व सूचना आयुक्त श्री उदय माहूरकर ने ओटीटी और सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लीलता पर चिंता जताते हुए ‘विकृति सामग्री मुक्त भारत’ का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं सनातन संस्था के प्रवक्ता श्री अभय वर्तक ने कहा कि आतंकवाद से मुकाबले के लिए सरकार, सेना और जनता को मिलकर संघर्ष करना होगा।
महोत्सव को SanatanRashtraShankhnad.in वेबसाइट पर लाइव प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही भारत मंडपम के हॉल नंबर 12 में ऐतिहासिक शस्त्रों की प्रदर्शनी भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।




