हरिद्वार: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम हरिद्वार ने सभी धर्मनगरी वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर नगर निगम प्रशासन ने हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने के लिए नागरिकों से विशेष सहयोग की अपील की है।
महापौर किरन जैसल एवं नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने नगरवासियों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निम्नलिखित नियमों का पालन करने का आग्रह किया है:
- सूखा और गीला कूड़ा अलग रखें: घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट (गीला व सूखा कूड़ा) को अलग-अलग करके ही नगर निगम के डोर-टू-डोर स्वच्छता वाहन को सौंपें।
- यूजर चार्ज का समय पर भुगतान: स्वच्छता कार्यों और डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण सेवा के संचालन हेतु निर्धारित उपभोक्ता शुल्क (यूजर चार्ज) का समय पर भुगतान करें।
- सिंगल-यूज प्लास्टिक पर रोक: पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें और कपड़े, कागज या जूट के थैलों का उपयोग करें।
- नालों पर अतिक्रमण व कूड़ा न डालें: नालों और नालियों पर अतिक्रमण न करें तथा उनमें किसी भी प्रकार का कचरा न बहाएं, जिससे जल निकासी बाधित न हो।
- गंगा घाटों की स्वच्छता: मां गंगा के पावन तटों व घाटों पर गंदगी न फैलाएं और खुले में शौच करने से बचें; सदैव शौचालयों का ही उपयोग करें।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसहयोग से ही धर्मनगरी हरिद्वार को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों की श्रेणी में बनाए रखा जा सकता है।




