जनपद के होनहार व प्रतिभावान वॉलीबॉल खिलाड़ी पृथ्वीराज सिंह का चयन 04 से 11 जनवरी 2026 तक वाराणसी स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद स्टेडियम में आयोजित होने वाली 72वीं राष्ट्रीय सीनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके चयन से खेल प्रेमियों, परिजनों व शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है।
पृथ्वीराज सिंह वर्तमान में केआईआईटी यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं और बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम में नियमित अभ्यास करते हैं। वर्ष 2018 में वॉलीबॉल की शुरुआत करने वाले पृथ्वीराज अब तक तीन सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके हैं। पिछले 5–6 वर्षों से वे शिक्षा और खेल, दोनों में समान रूप से संतुलन बनाए हुए हैं।
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 दिसंबर 2025 को ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 20 दिसंबर 2025 से 03 जनवरी 2026 तक वाराणसी में आयोजित होगा, जिसके बाद अंतिम टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी।
जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन रायबरेली के संयुक्त सचिव अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और चरित्र निर्माण का माध्यम है।
पृथ्वीराज सिंह की उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
पृथ्वीराज के चयन पर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन रायबरेली, अध्यक्ष विजय शंकर सिंह, संयुक्त सचिव अमित त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र सिंह, कांग्रेस जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ त्रिवेदी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




