उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रविवार को टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान शिव और मां भगवती की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कन्या पूजन भी किया। उधर, उनके पति के खिलाफ दर्ज मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) रविवार को मंत्री के बयान दर्ज कर सकती है।
रेखा आर्या शनिवार रात अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने सरकारी आवास पहुंची थीं। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी तबीयत में पहले से सुधार है, हालांकि कभी-कभी उनका रक्तचाप बढ़ रहा है। स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी वजह से एसआईटी ने उनके स्वस्थ होने के बाद बयान दर्ज करने की बात कही थी।
पति के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मंत्री के बयान जांच की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
मंत्री ने जताया आभार
टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रेखा आर्या ने कठिन समय में साथ देने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा वह प्रदेश और सोमेश्वर क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगी।




