उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

महिला आयोग की सदस्य अनु कक्कड़ और भाजपा नेता विकास तिवारी ने की आयोजन की सराहना, बाल कलाकारों को मिल रहा प्रतिभा दिखाने का मंच

भेल फाउंड्री गेट के सामने धीरवाली रोड पर भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला-2026 में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की धूम है। छह नवंबर तक चलने वाले इस मेले में मां दुर्गा का पूजन, आरती, गरबा नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है। मेले में प्रतिदिन हरिद्वार के बाल कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, समय-समय पर स्टार कलाकारों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। मेले और सांस्कृतिक मंच में प्रवेश निशुल्क रखा गया है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड महिला आयोग की सदस्य अनु कक्कड़, भाजपा नेता एवं हरिद्वार थोक केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन तथा भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक विकास तिवारी और सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष मनोज यादव, कुंज भसीन, कोषाध्यक्ष प्रवीण बरदिया और पंडित शिवनारायण शर्मा, विनोद चौहान, आशीष शुक्ला व हरिकेश विश्वकर्मा ने अतिथियों को पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

अतिथियों ने मेले के आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मनोरंजन को बढ़ावा देने वाला सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने टीम भागीरथ के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

महोत्सव के अंतर्गत मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजन और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में प्रतिभागियों ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्सव के माहौल को और आकर्षक बनाया।

मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और अन्य गतिविधियां उपलब्ध हैं। इसके अलावा खानपान, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, क्रॉकरी, फर्नीचर सहित विभिन्न उत्पादों की दुकानें भी लगाई गई हैं। इससे लोगों को खरीदारी, मनोरंजन और पारिवारिक मेल-मिलाप का अवसर मिल रहा है।

समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भागीरथ महोत्सव मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक विरासत, आपसी भाईचारे और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने का भी प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से सपरिवार मेले में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।

इस अवसर पर समिति के सचिव परमाल सिंह, उपाध्यक्ष तरुण कुमार शुक्ल, विजय शंकर चौबे, रामललित, विकास कुचेरिया, रविंद्र यादव, राकेश रोशन, अंशुल गुरव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button