नई दिल्ली। लक्ष्मी नगर क्षेत्र के विनोद नगर मोहल्ले में रविवार को हिंदू राष्ट्र विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर महाराज जी के कृपापात्र शिष्य ब्राह्मण भूषण श्री प्रेमचंद्र झा ने सनातन धर्म की मूल अवधारणाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सेवा, सत्संग, स्वाध्याय और संगोष्ठियों के माध्यम से सनातन समाज को संगठित करने की आवश्यकता है। उनका मत था कि विश्व शांति और समृद्धि के लिए भारत का सशक्त होना आवश्यक है तथा सनातन वैदिक आर्य हिंदू धर्म मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
संगोष्ठी में मेरठ के अधिवक्ता अनिल गुप्ता ने भी विचार व्यक्त करते हुए हिंदू राष्ट्र के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के आयोजक विनोद झा ने सनातन मान-बिंदुओं की रक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही। इस अवसर पर श्री शंभू ठाकुर, भोला झा गुरु जी, बलराज डगर, दिलीप मिश्रा, केदार झा, इंद्र मोहन झा, कौशल किशोर, रंजीत झा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ हुआ।




