सचिन तिवारी की कलम से, उत्तराखंड की राजनीति में जब भी संगठनात्मक निष्ठा, जमीनी पकड़ और सौम्य आचरण की बात आती है, तो रानीपुर (हरिद्वार) से लगातार विजय पताका फहराने वाले विधायक आदेश चौहान का नाम स्वाभाविक रूप से अग्रिम पंक्ति में उभरता है। चुनावी गणित को केवल सतही हवा या विरोधी बयानों के चश्मे से देखने वाले विश्लेषक अक्सर एक गंभीर चूक कर बैठते हैं—वे आदेश चौहान की सहजता को कमजोरी और उनकी खामोशी को निष्क्रियता समझने का भ्रम पाल लेते हैं। हकीकत इसके ठीक उलट है; रानीपुर विधानसभा आज संगठन और जनसमर्थन के लिहाज से सबसे मजबूत किलों में गिनी जाती है।
आदेश चौहान का राजनीतिक व्यक्तित्व शोर-शराबे या आक्रामक बयानबाजी पर नहीं, बल्कि गहरे आत्मसंयम और शालीनता पर टिका है। सत्ता के गलियारों में पद मिलते ही कई नेताओं की भाषा और व्यवहार बदल जाते हैं, लेकिन आदेश चौहान वर्षों से उसी सहज और विनम्र अंदाज में हर नागरिक से मिलते हैं, जैसा वे अपने शुरुआती दिनों में मिला करते थे। उनकी इसी नम्रता को विरोधी कई बार कमजोरी समझने की भूल कर बैठते हैं। वे भूल जाते हैं कि जिस नेता का व्यवहार जितना झुककर मिलने का होता है, जनता के दिलों में उसकी जड़ें उतनी ही गहरी जमती हैं।
आधुनिक राजनीति में जहां आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर आम है, वहीं आदेश चौहान की पहचान एक निष्कलंक और ईमानदार जनप्रतिनिधि की रही है। सार्वजनिक जीवन में शुचिता, वित्तीय पारदर्शिता और जनहित के कार्यों में ईमानदारी उनकी सबसे बड़ी ताकत है। विधानसभा क्षेत्र का सामान्य नागरिक हो या कोई उद्योग प्रतिनिधि, हर कोई जानता है कि आदेश चौहान के दरवाजे पर पैरवी के बजाय न्याय और काम को प्राथमिकता मिलती है। भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली ने उनके प्रति जनता के भरोसे को अभेद्य दीवार बना दिया है।
रानीपुर विधानसभा का मिजाज मिला-जुला है—यहां सिडकुल का औद्योगिक क्षेत्र भी है, श्रमिक बस्तियां भी हैं, और ग्रामीण व शहरी बस्तियों का संगम भी। ऐसे विविधता भरे क्षेत्र में संतुलन साधना आसान नहीं होता। आदेश चौहान की सबसे बड़ी खूबी उनका ‘ग्राउंड कनेक्ट’ है। वे केवल चुनावों के समय दिखने वाले मौसमी नेता नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के हर सुख-दुख, सामाजिक आयोजनों और आपात स्थितियों में चौबीसों घंटे सुलभ रहने वाले साथी हैं। उनकी कार्यशैली में कोई दिखावा नहीं होता; वे सीधे संवाद करते हैं, समस्याएं सुनते हैं और व्यावहारिक समाधान निकालते हैं।
जो लोग यह सोचते हैं कि रानीपुर की चुनावी जमीन कमजोर हो रही है, वे दरअसल जमीनी हकीकत से अनभिज्ञ हैं। चुनावी बिसात पर आदेश चौहान की ताकत उनका वह मौन मतदाता वर्ग है जो किसी हंगामे का हिस्सा नहीं बनता, लेकिन वोट की चोट से अपना फैसला सुनाता है। मातृशक्ति, श्रमिक वर्ग, व्यापारी और युवा—सभी वर्गों में उनकी जो विश्वसनीयता बनी है, वह किसी भी चुनावी भ्रम को पलभर में ध्वस्त करने के लिए पर्याप्त है।
रानीपुर की ताकत किसी खोखले प्रचार में नहीं, बल्कि आदेश चौहान के काम, उनकी ईमानदारी और जनता के प्रति उनके अगाध समर्पण में है। विनम्रता जिनकी पहचान हो और जनसेवा जिनका धर्म, उन्हें कमजोर समझना विरोधियों की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होती रही है।
0 22 2 minutes read




