दौलतपुर, 6 दिसंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल दौलतपुर में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव प्रवाह 3.0 – जीवन का प्रवाह बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विश्वम्भर सिंह (एवीएसएम, वीएसएम) रहे। विशेष अतिथियों में डॉ. आशीष गौतम (अध्यक्ष – दिव्य प्रेम सेवा मिशन) और श्री संदीप जैन (एमडी – अकम्स ड्रग्स एंड फार्मा लिमिटेड) शामिल रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री पूनम श्रीवास्तव, निदेशक श्री पीयूष जैन व श्री अजय जैन तथा प्रो वाइस चेयरमैन श्री विकास गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राम स्तुति से हुई।
कार्यक्रम का आकर्षण प्राथमिक कक्षा के बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘प्रकृति के रंग बचपन के संग’ रहा, जिसमें मोगली गीत और ‘एक सोच’ पर आधारित नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।
पंचमहाभूतम्’ शीर्षक से छात्रों ने आकाश, वायु, जल, अग्नि और पृथ्वी—प्रकृति के पाँच तत्वों का सजीव नृत्य-चित्रण किया।
इसके बाद ‘सत्य, तप, दया, दान’ विषय पर चारों युगों—सतयुग, त्रेता, द्वापर और कलियुग—को दिखाती प्रभावशाली नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसमें नरसिंह अवतार, सियाराम लीला, महाभारत और आधुनिक समाज में गिरते पारिवारिक मूल्यों को दर्शाया गया।
सांप्रदायिक सद्भाव और देशभक्ति से भरा फिनाले
छात्रों ने दिवाली, ईद, बैसाखी और क्रिसमस पर आधारित सामुदायिक सद्भाव का संदेश देते हुए रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किया।
अंतिम प्रस्तुति ‘जय जवान, जय किसान’ ने देशभक्ति और किसानों के योगदान को समर्पित भावपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन छात्र वैष्णवी राणा और श्रेयांश सारस्वत ने किया। हेड गर्ल आद्या शुक्ला ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि डीपीएस जूनियर की प्रभारी श्रीमती अमिता ओहरी ने आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल विश्वम्भर सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र का भविष्य है और उन्हें संविधान के मूल्यों, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा की भावना को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन गुब्बारे उड़ाकर और राष्ट्रगान के साथ हुआ।




