**पणजी, 21 मार्च 2025**
सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बाळाजी आठवले के 83वें जन्मोत्सव और संस्था के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में गोवा के फार्मागुडी, फोंडा में 17 से 19 मई 2025 तक ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। गोवा अभियांत्रिकी महाविद्यालय मैदान में आयोजित इस महोत्सव में देशभर से संत-महंत, मुख्यमंत्री, केंद्रीय व राज्य मंत्रियों सहित 20,000 से अधिक साधक और धर्मप्रेमी हिंदू शामिल होंगे। यह जानकारी सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता चेतन राजहंस ने पणजी में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में दी।
धर्मेण जयते राष्ट्रम्’ के घोषवाक्य के साथ इस महोत्सव का प्रतीक चिन्ह भी अनावृत किया गया। श्री राजहंस ने बताया कि यह आयोजन रामराज्य की स्थापना और सनातन धर्म की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प का मंच होगा। गोवा की पवित्र भूमि पर पहली बार इतने बड़े स्तर पर संत-महंत, हिंदुत्वनिष्ठ और धर्मनिष्ठ एकत्र होंगे, जिसे सनातन धर्म का ‘भव्य कुंभमेला’ कहा जा रहा है।
महोत्सव में ‘संतसभा’ का आयोजन होगा, जिसमें संत-महंत राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के पुनरुत्थान पर मार्गदर्शन करेंगे। आमंत्रित विशिष्ट हस्तियों में श्री श्री रविशंकर, स्वामी रामदेव, स्वामी गोविंददेव गिरी, चंपत राय, महंत रविंद्र पुरी, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाईक और अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन जैसे नाम शामिल हैं।
सनातन संस्था पिछले 25 वर्षों से डॉ. आठवले के मार्गदर्शन में गोमाता, गंगा, मंदिर और वेदों जैसे सनातन मानबिंदुओं को पुनर्जनन देने के लिए कार्यरत है। यह महोत्सव हिंदू संगठनों के बीच धर्मबंधुत्व को मजबूत करने और एक आदर्श राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।