हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग पर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी निज धाम में ‘सतगुरु कृपा अपना घर’ का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। स्वामी सदानंद महाराज, विधायक मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल, समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, डॉ. टी.के. गर्ग और मोहन प्रिय आचार्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस आश्रय स्थल का शुभारंभ किया। यह आश्रम निर्धन, असहाय और उपेक्षित लोगों के लिए आशा की नई किरण बनकर उभरा है।
परमाध्यक्ष स्वामी सदानंद महाराज ने कहा कि यह आश्रम समाज से तिरस्कृत लोगों को अपनापन और सम्मानजनक जीवन प्रदान करेगा। मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक ने इसे अशक्त और जरूरतमंदों के लिए जीवन की नई ऊर्जा देने वाला कदम बताया, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक होगा। मेयर किरण जैसल ने इसे बेसहारा लोगों के लिए संजीवनी करार देते हुए कहा कि यह पहल हजारों जिंदगियों को नई दिशा देगी।
समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने जानकारी दी कि 15 कमरों और 60 बेड से शुरू हुए इस आश्रम में जरूरतमंदों को मुफ्त भोजन, आवास, चिकित्सा और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। श्री कृष्ण प्रणामी विश्व परिषद के सहयोग से संचालित यह आश्रम स्वामी सदानंद महाराज की प्रेरणा से शुरू हुआ है। देशभर में ऐसे 55 से अधिक आश्रम पहले से कार्यरत हैं और भविष्य में इनका विस्तार होगा।
उद्घाटन समारोह में सुरेश गर्ग, नरेश बंसल, रवि बंसल, प्रहलाद वर्मा, पार्षद आकाश भाटी, सूर्यकांत शर्मा, विदित शर्मा सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों और संगठनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बताया।