नई दिल्ली: भारतीय कपड़ा उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से भारत टेक्स 2025 एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में तैयार है। यह आयोजन अत्याधुनिक तकनीकों, व्यावसायिक अवसरों और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत को वैश्विक कपड़ा बाजार में एक मजबूत भागीदार के रूप में स्थापित करेगा।
भारत टेक्स का पहला संस्करण फरवरी 2024 में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था, जिसने उद्योग जगत को नवाचार और सहयोग का एक नया दृष्टिकोण दिया। इसके दूसरे संस्करण भारत टेक्स 2025 को और व्यापक, प्रभावशाली और व्यापार अनुकूल बनाने की योजना है।
वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत को मिलेगी बढ़त
भारतीय परिधान उद्योग को अब तक टैरिफ लाभ लेने वाले कम विकसित देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है, जिससे वह अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका। लेकिन पीएलआई (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव) और पीएम मित्र योजना जैसी सरकारी पहलों ने इस चुनौती को अवसर में बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
नवाचार और स्थायित्व पर जोर
भारत टेक्स 2025 सिर्फ व्यापार का मंच नहीं होगा, बल्कि यह पर्यावरण के अनुकूल कार्य प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस आयोजन में जैविक कपड़े, पुनर्चक्रित सामग्री और ऊर्जा-कुशल उत्पादन तकनीकों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। कस्तूरी कॉटन ब्रांड भारतीय जैविक कपास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे भारत का कपड़ा उद्योग स्थिरता की दिशा में और मजबूत कदम बढ़ाएगा।
‘मेक इन इंडिया’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ को बल
भारत टेक्स 2025, मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों को सशक्त बनाएगा। यह आयोजन न केवल भारतीय निर्माताओं को वैश्विक रुझानों से जोड़ने का काम करेगा, बल्कि भारत को एक भरोसेमंद और स्थायी आपूर्तिकर्ता के रूप में स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
भारत टेक्स 2025 भारतीय कपड़ा उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूती देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा मेंएक बड़ा कदम होगा।