हरिद्वार, 26 जनवरी:
शहीद जगदीश वत्स पार्क, ज्वालापुर में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. दुर्गा दत्त जोशी के पुत्र एवं आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. सुनील जोशी ने ध्वजारोहण कर भारत माता की जयघोष के साथ राष्ट्रगान का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर डॉ. जोशी, जितेंद्र रघुवंशी, आचार्य करुणेश मिश्र, वीरेन्द्र गहलौत, और डॉ. वेद प्रकाश आर्य सहित कई गणमान्य नागरिकों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता सेनानी परिवारों ने भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
डॉ. सुनील जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को संगठित करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम सौभाग्यशाली हैं कि शहीद जगदीश वत्स जिस ऋषिकुल विद्यालय के छात्र थे, हम भी उसी संस्कारों में रचे-बसे हैं।”
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र रघुवंशी ने गणतंत्र की परिभाषा बताते हुए कहा कि आजादी के सपनों को साकार करने के लिए सरकार को उनके दायित्वों का एहसास कराने की जरूरत है। उन्होंने “हर महीने प्रथम रविवार 10 बजे 10 मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम” अभियान का जिक्र करते हुए इसे सेनानी परिवारों के संगठन और अधिकारों के लिए प्रभावी पहल बताया।
कार्यक्रम में आचार्य करुणेश मिश्र ने अपने दादा स्वतंत्रता सेनानी श्री कृष्णानंद मिश्र को स्मरण करते हुए कहा कि हमें ऐसा आचरण करना चाहिए जिससे अगली पीढ़ियां सेनानी परिवार से जुड़े होने पर गर्व महसूस करें।
इस अवसर पर ललित चौहान, नरेंद्र कुमार वर्मा, कर्ण सिंह राणा, शोभा गोयल, ममता धीमान, वेद प्रकाश आर्य, अशोक चौहान, शिवानी सैनी सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा के साथ हुआ।