मुजफ्फरनगर, 18 फरवरी। संत निरंकारी मिशन द्वारा जल संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल-स्वच्छ मन-2026’ अभियान का चौथा चरण 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 से 11 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मिशन के निर्देशानुसार यह अभियान देशभर में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ चलाया जाएगा।
मुजफ्फरनगर शाखा के संयोजक हरीश कुमार एवं मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने बताया कि इसी क्रम में शुक्रतीर्थ (शुक्रताल) स्थित गंगा तट पर भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में मिशन से जुड़े करीब 500 पुरुष व महिला स्वयंसेवक गंगा तट की सफाई एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भाग लेंगे।
मिशन के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से प्रारंभ ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का उद्देश्य जल स्रोतों—नदियों, झीलों, तालाबों व कुओं—के संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है। उन्होंने कहा कि जल केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है, जिसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रमों के साथ-साथ जागरूकता संगोष्ठियां, सामूहिक गान और सोशल मीडिया के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा। मिशन का कहना है कि ‘स्वच्छ जल’ से ही ‘स्वच्छ मन’ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
मिशन की प्रमुख प्रेरणा परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में यह अभियान प्रकृति संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश देता है।




