केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मेरठ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की ऐतिहासिक झलक दिखाई देगी। उन्होंने राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया कि मेरठ का इतिहास देश के स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ा है और इसी गौरव को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का आधुनिक स्वरूप तैयार किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि मेरठ का ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है और स्टेशन का डिजाइन इसी विरासत को प्रतिबिंबित करेगा। उन्होंने बताया कि स्टेशन पुनर्विकास का उद्देश्य केवल आधुनिक सुविधाएं देना नहीं, बल्कि इतिहास और संस्कृति को भी संरक्षित करना है।
इस अवसर पर श्री वैष्णव ने राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके सुझावों के आधार पर ही स्टेशन का नया डिजाइन तैयार किया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं सांसद वाजपेयी से अनुरोध किया था कि वे स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों से विचार-विमर्श करें, ताकि स्वतंत्रता संग्राम की वास्तविक भावना को स्टेशन के स्वरूप में समाहित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी द्वारा प्रस्तुत नए डिजाइन पर सहमति बन चुकी है और उसी के अनुरूप मेरठ रेलवे स्टेशन पर कार्य तेजी से प्रगति पर है।
पुनर्विकसित स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होने के साथ-साथ यात्रियों और युवा पीढ़ी के लिए 1857 की क्रांति और मेरठ के स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा।




