भारतीय खेलों की परंपरा को संवारने की जरूरत : महंत रविंद्र पुरी महाराज
हरिद्वार, 11 अक्तूबर। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार की मेजबानी में आज वंदना कटारिया अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अंतरमहाविद्यालयी पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ कॉलेज प्रांगण में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव महंत श्री रविंद्र पुरी महाराज ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. पुष्कर गौड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी और खेलकूद अधीक्षक विनय थपलियाल के निर्देशन में किया गया।
महंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि “भारत सरकार की नई खेल नीति 2025 में अब समय है कि खो-खो, कबड्डी और कुश्ती जैसे भारतीय खेलों की परंपरा को प्रोत्साहित किया जाए। इससे भारतीयता का भाव सशक्त होगा और देश को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नई ऊंचाई मिलेगी।” उन्होंने कुश्ती आयोजन समिति और अध्यापकों की सराहना की।
क्रीड़ा सचिव डॉ. पुष्कर गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि कुश्ती भारत का सबसे प्राचीन खेल है, जिसका संबंध सैनिकों के शारीरिक सौष्ठव और अनुशासन से रहा है। उन्होंने कुलपति प्रो. एन.के. जोशी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने इस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी कॉलेज को दी।
प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया — एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज हरिद्वार, सरस्वती गोचर स्नातकोत्तर महाविद्यालय भगवानपुर, जसपाल राणा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी देहरादून, एस.एम.आर.जे. पी.जी. कॉलेज सैया, और राजा महेंद्र प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय गुरुकुल नारसन प्रमुख रहे।
महिला वर्ग में एस.एम.जे.एन. कॉलेज की कशिश ठाकुर और शिवांगी कंसल ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि देव निगम, दीक्षा यादव, ओमिशा और शिखा ने रजत पदक प्राप्त किए।
पुरुष वर्ग में 60 से 92 किलोग्राम तक के भार वर्गों में आदित्य तोमर, हर्षित तोमर, वसील, सचिन कुमार, सागर, विशु तोमर, प्रियम, मुकुल, हेमंत और कृष ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने-अपने महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन खेलकूद अधीक्षक विनय थपलियाल ने किया। कोच मोहित नौटियाल और अक्षय राठी को उत्कृष्ट संचालन के लिए प्राचार्य ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं चारु, संध्या, सोनाली, मयूरी और टिया ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जबकि मेहताब आलम ने “जग घुमिया” गीत पर शानदार प्रदर्शन किया।
संगीत विभाग की डॉ. अमिता मल्होत्रा और प्रशिक्षणार्थी गौरव बंसल ने कुलगीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में डॉ. आर.के. सिंह (सीएमओ हरिद्वार), चिकित्सा विभाग से सपना एवं योगेश, तथा अनेक प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और विजेताओंके सम्मान के साथ हुआ।