हरिद्वार। वार्ड-60 की पार्षद आकर्षिका शर्मा ने हरिलोक, जुर्स कंट्री और नयागाँव के निवासियों के साथ मिलकर रिहायशी क्षेत्र में संचालित शराब ठेके के स्थानांतरण की माँग को लेकर 9 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की माँग की।
मुख्य माँगें:
1. रिहायशी क्षेत्र से शराब ठेके का तत्काल स्थानांतरण।
2. महिलाओं की सुरक्षा के लिए शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक महिला कांस्टेबल की तैनाती।
3. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई।
धरने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की बेरुखी से नागरिकों में आक्रोश बढ़ गया। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने राजस्व हानि का तर्क दिया, जिस पर पार्षद आकर्षिका शर्मा ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और सामाजिक संतुलन अधिक महत्वपूर्ण हैं।
आंदोलन में शामिल महिलाओं ने बताया कि शराब ठेके के कारण क्षेत्र में छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ गई हैं, जिससे परिवारों का रहना मुश्किल हो गया है।
पार्षद शर्मा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि माँगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा और कानूनी कदम भी उठाए जाएँगे। उन्होंने नागरिकों से इस संघर्ष में जुड़ने की अपील की।