देहरादून। उत्तराखंड के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में तेज तूफान, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की संभावना है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदले मौसम का असर मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, आगामी कुछ दिनों तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।




