उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में योगस्थली स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
पुरुष वर्ग में पिथौरागढ़ के सक्षम ने हिमांशु बोरी को हराकर जीत दर्ज की, जबकि चंपावत के प्रियांशु वर्मा ने सरोज राणा को पराजित किया। काशीपुर के रोहन ने अल्मोड़ा के शिवम अधिकारी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला वर्ग में नैनीताल की गुंजन ने रुद्रपुर की निकिता को शिकस्त दी। उधम सिंह नगर की सविता ने हल्द्वानी की सुरभिका को हराया, वहीं पिथौरागढ़ की कोमल लोहिया ने बागेश्वर की अंजलि को पराजित कर जीत हासिल की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि खेलों में सफल करियर के लिए निरंतर अभ्यास और कड़ी मेहनत बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और बॉक्सिंग आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने प्रतिभाओं को उचित अवसर देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्डी एवं गोल्ड मेडलिस्ट पदम बहादुर सहित अविनाश भदोरिया, संजय खटाना, लखबीर, सुनीता चौधरी, राकेश चौधरी, दिनेश शर्मा, शिवम त्यागी, सुधीर जोशी और विपिन बलूनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।




