देहरादून, 3 अप्रैल। आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत उत्तराखंड में 10 अप्रैल से ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार ने आधिकारिक पोर्टल लॉन्च कर दिया है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना के इस चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना की जाएगी। नागरिकों को केवल 15 से 20 मिनट में पूरी जानकारी भरने की सुविधा मिलेगी।
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए परिवार के मुखिया का नाम और एक मोबाइल नंबर अनिवार्य होगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही परिवार का पंजीकरण किया जा सकेगा।
इस बार प्रक्रिया को और सटीक बनाने के लिए इंटरएक्टिव मैपिंग सिस्टम जोड़ा गया है, जिसमें लोगों को अपने घर की सही लोकेशन मैप पर चिन्हित करनी होगी। इससे प्रगणकों को डेटा सत्यापन में आसानी होगी।
फॉर्म भरने के बाद सिस्टम एक 11 अंकों की यूनिक सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) जारी करेगा, जिसे मोबाइल और ईमेल पर भेजा जाएगा। प्रगणक के घर आने पर यही आईडी दिखानी होगी, जिससे दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सही लोकेशन दर्ज करने के लिए मोबाइल की बजाय लैपटॉप या डेस्कटॉप का उपयोग करना बेहतर रहेगा।
यह पहली बार है जब जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल रूप से लागू किया जा रहा है, जिससे डेटा संग्रहण अधिक तेज, पारदर्शी और सरल होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऑनलाइन स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।




