हरिद्वार, 17 मार्च। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। दिन की शुरुआत योगाभ्यास से हुई, जिसके बाद विभिन्न जनहित गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्वयंसेविकाओं ने शिक्षिकाओं के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। ‘स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा’ और ‘प्लास्टिक हटाओ-पर्यावरण बचाओ’ जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। रैली के दौरान छात्राओं ने मेयर किरण जैसल से मुलाकात कर शिविर की गतिविधियों की जानकारी दी। मेयर ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान से जुड़ने की इच्छा जताई।
इसके बाद निरंजनी अखाड़ा घाट और अमरापुर घाट पर सघन सफाई अभियान चलाया गया। शिविर के द्वितीय सत्र में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य जांच कर संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
दिन का समापन गंगा तट पर दीपदान और गंगा आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन व्यवस्था सुचारु रही और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




