हरिद्वार, 16 मार्च। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में चल रहे वार्षिकोत्सव के द्वितीय दिवस पर विभिन्न खेलकूद एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत क्रिकेट, बैडमिंटन और विभिन्न प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही बौद्धिक और योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता और योगासन प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, वक्तृत्व कौशल और योग दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की।
महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
वार्षिकोत्सव का समापन 17 मार्च को होगा। समापन अवसर पर आचार्य शंकर विषय पर अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से विद्वान और शोधार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विभिन्न संस्कृत महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




