मसूरी, 13 मार्च। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी से पहले होने वाली हल्दी और मेहंदी की रस्में शुक्रवार को उत्तराखंड के मसूरी में धूमधाम से संपन्न हुईं। समारोह में दूल्हा-दुल्हन कुलदीप यादव और वंशिका ने परिवार व दोस्तों के साथ जमकर डांस किया और प्री-वेडिंग समारोह का आनंद लिया।
मसूरी के एक भव्य होटल में आयोजित कार्यक्रम में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र शामिल हुए। इस दौरान दुल्हन वंशिका पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि कुलदीप यादव भी कुर्ता-पायजामा में आकर्षक दिखे।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी भी मसूरी पहुंच रहे हैं। युजवेंद्र चहल और रिंकू सिंह समेत कई क्रिकेटरों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दूल्हे के साथ नाच-गाना किया।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को कुलदीप यादव और उनकी बचपन की दोस्त वंशिका मसूरी में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें खेल, राजनीति और उद्योग जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।




