उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

जिला मुक्केबाजी संघ ने प्रशिक्षकों को किया सम्मानित

हरिद्वार, 8 मार्च। विवेक विहार स्थित कार्यालय में जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही इस वर्ष आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि 29 मार्च को सभी आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रशिक्षण केंद्रों से खिलाड़ियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। डॉ. गर्ग ने कहा कि खिलाड़ियों को मुक्केबाजी के प्रति प्रोत्साहित करना संघ का प्रमुख उद्देश्य है और इसके लिए लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिल सकें।

संरक्षक सुनीता चौधरी ने प्रशिक्षकों को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी की गाइडलाइन की जानकारी देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि कुछ जिम में बॉक्सिंग या एमएमए के नाम पर खिलाड़ियों को गलत जानकारी दी जा रही है और उन्हें प्रतिबंधित दवाएं लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल संघ को जानकारी दिए बिना व्यावसायिक रूप से मुक्केबाजी का प्रशिक्षण देने वाले सभी जिम संचालक अपने बॉक्सिंग कोच की जानकारी जिला मुक्केबाजी संघ को उपलब्ध कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा और पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला हरिद्वार मुक्केबाजी संघ के संज्ञान में पांच प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं, जिनमें गोकुलपुर झबरेड़ा, गुरुकुल नारसन, जीआईसी रुड़की, रोशनाबाद स्टेडियम, दीपगंगा सिडकुल और सुभाष नगर शामिल हैं।

बैठक में डॉ. विशाल गर्ग, सुनीता चौधरी, विपिन चौधरी, डॉ. प्रदीप कुमार, नवीन चौहान, एस.पी. सिंह, किशन मेहर, अश्वनी शर्मा और ऋतु सैनी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button