हरिद्वार, 6 मार्च। भारतीय जनता पार्टी मध्य हरिद्वार मंडल की बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 7 मार्च को बैरागी कैंप में आयोजित होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं ने जनसभा में 5000 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक में हरिद्वार के नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरिद्वार की संगठनात्मक ताकत, कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और जनसमर्थन का बड़ा प्रदर्शन होगी। उन्होंने कहा कि जब देश के गृहमंत्री देवभूमि हरिद्वार आ रहे हैं तो यह प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। इस रैली के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा, विकास और मजबूत नेतृत्व का संदेश आम जनता तक पहुंचेगा।
मदन कौशिक ने बताया कि हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार मंडल को जनसभा के लिए 5000 लोगों की भागीदारी का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और संगठनात्मक क्षमता के बल पर यह लक्ष्य आसानी से पूरा किया जाएगा। इसी उद्देश्य से अन्य मंडलों में भी तैयारी बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि रैली की तैयारी केवल भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज करें और अधिक से अधिक लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी एवं रैली के मंडल प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना का प्रमुख केंद्र है। यहां से उठने वाली आवाज पूरे देश में प्रभाव डालती है। यह जनसभा देशहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार के प्रति जनसमर्थन का मजबूत संदेश देगी।
मंडल अध्यक्ष तुषांक भट्ट ने कहा कि रैली की सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम होगी। उन्होंने नगर निगम के सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में तैयारी बैठकों के आयोजन और जनसभा को लेकर जनता में उत्साह पैदा करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मंडल महामंत्री गौरव वर्मा, हर्षित त्रिपाठी, मंजू रावत, ललित रावत, सिद्धार्थ कौशिक, सचिन बेनीवाल, राजेश शर्मा, ममता नेगी, पिंकी चौधरी, सपना शर्मा, आशी भारद्वाज, सुनील सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




