रायबरेली, 3 मार्च 2026। Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) रायबरेली परिवार सेवानिवृत्त संगठन द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन शहर स्थित श्री मैरेज लॉन में किया गया। कार्यक्रम में अवकाश पर चल रहे अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं विभिन्न रैंकों के लगभग 150 जवान जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से एकत्रित हुए।
समारोह की अध्यक्षता मुख्य अतिथि सहायक कमांडेंट श्री गौरव सिंह (सीआरपीएफ) ने की। कार्यक्रम में रंगोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सीआरपीएफ परिवार रायबरेली के औपचारिक पंजीकरण की घोषणा भी की।
अपने संबोधन में श्री गौरव सिंह ने संगठन के सदस्यों को आपसी तालमेल, सामंजस्य और सहयोग की भावना बनाए रखने का संदेश देते हुए एक-दूसरे की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने अवकाश के समय को समाज सेवा के कार्यों में लगाने के लिए भी प्रेरित किया।
संगठन के सदस्य गांव-गांव जाकर युवाओं को फोर्स में भर्ती के लिए जागरूक कर रहे हैं, ताकि उनमें देशभक्ति और सेवा का जज़्बा विकसित हो सके। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार संबंधी जागरूकता शिविर तथा सरकारी संस्थानों और मंदिरों में स्वच्छता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।
सीआरपीएफ रायबरेली परिवार सेवानिवृत्त संगठन अपने सामाजिक और प्रेरणादायक कार्यों के माध्यम से न केवल जनपद बल्कि पूरे देश में सीआरपीएफ का नाम गौरवान्वित कर रहा है।




