हरिद्वार, 27 फरवरी। वैश्य बंधु महासभा की ओर से विवेक विहार स्थित कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
नरेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महासभा के मुख्य संयोजक डा. विशाल गर्ग ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्नेह और संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। होली के रंग जीवन में उमंग और सकारात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने सभी से सनातन संस्कृति के अनुरूप होली मनाते हुए समाज में भाईचारे को बढ़ाने का आह्वान किया।
डा. गर्ग ने बताया कि शीघ्र ही महासभा का विस्तार किया जाएगा तथा वैश्य समाज के उत्थान के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। युवा पीढ़ी को समाज की संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से अग्रोहा धाम यात्रा का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिससे युवाओं को महाराज अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा मिल सके।
महासभा के संयोजक प्रदीप मेहता और हर्षवर्धन जैन ने कहा कि भारतीय संस्कृति पर्वों की संस्कृति है और होली का इसमें विशेष स्थान है। युवा पीढ़ी को पर्वों की महत्ता से परिचित कराना आवश्यक है। महासभा समाज की समस्याओं के समाधान और आपसी एकता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर तेजप्रकाश साहू, रामबाबू बंसल, कमल ब्रजवासी, शिवम बंधु गुप्ता, शेखर गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मनोज गुप्ता, प्रतीक अग्रवाल, आदित्य बंसल, विनोद बृजवासी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




