शतरंज कहरिद्वार, 20 फरवरी। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अंतर्महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का परचम लहराया। प्रतियोगिता में बी.कॉम. षष्ठ सेमेस्टर के छात्र कृष्णा चावला ने शानदार खेल दिखाते हुए ‘यूनिवर्सिटी चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि ग्रुप स्पर्धा में कॉलेज टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेता टीम में कृष्णा चावला, हर्षित शर्मा, अनमोल रावत, सुफियान खान एवं आर्यन बक्शी शामिल रहे। वहीं बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर की समता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के आधार पर कृष्णा चावला, अनमोल रावत और समता शर्मा का चयन नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट तथा कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी ने विजेता खिलाड़ियों एवं कोचों को सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव और अस्थिरता के दौर में भारतीय युवा शतरंज जैसे मेधा के खेल में अपनी प्रतिभा, संकल्प और लगन का परिचय दे रहा है। यही प्रतिभावान युवा सशक्त भारत की नींव हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि गुरुजनों का मार्गदर्शन ही सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी के संरक्षण एवं प्राचार्य के मार्गदर्शन को दिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी, खेलकूद मुख्य अधीक्षक विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, कोच रंजीता, कोच भारत भूषण एवं कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।




