शाहजहांपुर, 16 फरवरी। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा और अधिकृत यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित शर्मा ने किया। अभियान में छह टिकट चेकिंग स्टाफ और दो रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 16 ट्रेनों की सघन जांच की गई। जांच में बिना टिकट यात्रा के 43 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹19,210 जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा अनियमित यात्रा के 8 मामलों में ₹2,215 तथा धूम्रपान और गंदगी फैलाने के 9 मामलों में ₹1,800 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 60 मामलों में ₹23,225 का राजस्व अर्जित किया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए वैध प्लेटफॉर्म टिकट अथवा यात्रा टिकट अवश्य रखें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी कोच में यात्रा करें। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा धूम्रपान से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।
यात्रा के दौरान किसी भी सहायता के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या “रेलवन” एप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।




