उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

कुम्भ मेला-2027 की तैयारियां तेज, सचिव नितेश कुमार झा ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार, 13 फरवरी 2026। आगामी कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन-प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। शहरी विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सचिव ने कहा कि कुम्भ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान पंतद्वीप चमगादड़ टापू सेक्टर में ₹172.01 लाख की लागत से निर्माणाधीन अंतःस्रोत कूप का जायजा लेते हुए उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखने और स्थायी पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में भी इसका उपयोग हो सके। बैरागी कैंप में ₹526.81 लाख की लागत से बन रहे 1500 केएल क्षमता के ओवरहेड टैंक व नलकूप, दक्षद्वीप क्षेत्र के अंतःस्रोत कूप, शिवालिक नगर में सड़क चौड़ीकरण तथा पथरी रौ नदी पर ₹966.61 लाख की लागत से बन रहे पुल की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

हरकीपैड़ी को जोड़ने वाले मार्गों व पुलों के निरीक्षण के दौरान मरम्मत, सौंदर्यीकरण और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खुले स्थलों के विकास तथा पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था पर भी बल दिया गया। मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।

डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मेला प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस और कार्यदायी संस्थाओं के साथ प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कुम्भ क्षेत्र में सीसीटीवी व ड्रोन सर्विलांस की योजना पर चर्चा करते हुए पूर्व में स्थापित कैमरों का ऑडिट कराने और संशोधित तकनीकी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सचिव ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु समन्वित योजना बनाने और स्टेशन के दूसरी ओर आवागमन के लिए ओवरब्रिज निर्माण पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button