नगर निगम हरिद्वार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के सभागार में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरिद्वार की जनता द्वारा महापौर श्रीमती किरण जैसल तथा भाजपा के निर्वाचित 40 पार्षदों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा ने की।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर निगम में ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से सनातन संस्कृति के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार को देश-विदेश की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए आवश्यक सभी विकास कार्यों में उनका पूर्ण सहयोग रहेगा।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि बीते एक वर्ष में जनता एवं पार्षदों से मिले सहयोग के लिए वह आभार व्यक्त करती हैं। नगर निगम के सभी 60 वार्डों का संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है, जिसे पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। बढ़ते विकास कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भविष्य में आवश्यक सभी योजनाएं केंद्र व प्रदेश सरकार के सहयोग से पूरी की जाएंगी। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जनता के जनादेश से बने निगम बोर्ड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे नगर निगम की अलग पहचान बनी है।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने किया। समारोह में सभी चयनित पार्षद अपने समर्थकों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, धार्मिक संस्थाओं तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।




