हरिद्वार। हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह हर्षोल्लास व गरिमा के साथ आयोजित हुआ। समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, सत्यनिष्ठा और सामाजिक दायित्व पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा की स्तुति से हुआ। अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कथावाचक रविदेव शास्त्री ने की। मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा रहे। संचालन रजनीकांत शुक्ला ने किया।
जिलाध्यक्ष संजय आर्य ने यूनियन की 25 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए जमीनी पत्रकारों की आवाज़ बुलंद करने के संकल्प को रेखांकित किया। प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने पत्रकार हितों, सुरक्षा और सम्मान के लिए यूनियन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि आदेश चौहान ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पत्रकारों के योगदान को स्मरण किया तथा राज्य के विकास कार्यों का उल्लेख किया। मेयर किरण जैसल ने पत्रकारों को रजत जयंती की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा शंकर करौरी महादेव ने ऑडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




