हरिद्वार। नेहरू युवा केंद्र में आयोजित चार दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ गुरुवार को नगर विधायक श्री मदन कौशिक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष श्री पदम प्रकाश शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में विधायक मदन कौशिक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा उन्हें भागवत गीता भेंट स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम में योग शिक्षिका मोनिका राय, जया भूषण कंप्यूटर केंद्र के प्रधानाचार्य श्री विभोर चौधरी, श्री ओ.पी. चौहान, पुस्तक मेला आयोजक श्री सतीश रावत व श्री धर्म रावत सहित कई विशिष्टजन मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने पुस्तक मेले को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि हरिद्वार में इस स्तर का पुस्तक मेला पहली बार आयोजित हुआ है, जो नगर के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह आयोजन बच्चों और युवाओं के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष श्री पदम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मेले में कॉमिक्स, उपन्यास, सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें सहित शैक्षणिक एवं मनोरंजन से जुड़ी विविध पुस्तकें उपलब्ध हैं। मेले के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए प्रतिदिन यहां आएंगे, जिससे उनमें पढ़ने की रुचि विकसित होगी।




